‘टिप्स टू फेस इंटरव्यू’ में रजनी शेखर ने बी.एड. विद्यार्थियों को दिए व्यावहारिक सुझाव
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जमशेदपुर के प्लेसमेंट सेल की ओर से बी.एड. विद्यार्थियों को आगामी प्लेसमेंट और नौकरी के साक्षात्कार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का विषय ‘टिप्स टू फेस इंटरव्यू’ रहा।
कार्यक्रम में डी.बी.एम.एस. इंग्लिश स्कूल की पूर्व प्राचार्या श्रीमती रजनी शेखर मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में शामिल हुईं। अपने लंबे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरव्यू की तैयारी से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
रजनी शेखर ने विद्यार्थियों को इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास के साथ स्वयं को प्रस्तुत करने, सामान्य प्रश्नों के प्रभावी उत्तर देने तथा अपनी क्षमताओं और उपलब्धियों को उचित तरीके से सामने रखने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू में केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि उम्मीदवार का आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल, व्यवहार और पेशेवर दृष्टिकोण भी महत्वपूर्ण होता है।
सत्र के दौरान ड्रेसिंग, बॉडी लैंग्वेज और प्रोफेशनल एटीकेट पर भी विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया गया। विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने तथा अपनी खूबियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सिद्धि जालान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंशा सिद्दीकी ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने इंटरव्यू से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं और शंकाएं साझा कीं तथा रिसोर्स पर्सन से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, उप-प्राचार्या डॉ. पामिला घोष दत्ता, मेंटर डॉ. जूही समर्पिता एवं प्लेसमेंट सेल की प्रभारी मौसमी दत्ता का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। शिक्षकगण और सहायक कर्मचारियों ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटरव्यू की व्यावहारिक तैयारियों के साथ अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और पेशेवर व्यवहार को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का मार्गदर्शन मिला।



































