गिरिडीह के बरमसिया से हैदराबाद तक का सफर, BITS पिलानी से मास्टर डिग्री और विप्रो की नौकरी छोड़ फिल्मों में बनाई पहचान
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
झारखंड के गिरिडीह की प्रतिभाएं आज देशभर में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में गिरिडीह के बरमसिया की रहने वाली अभिनेत्री प्रज्ञा नयन ने फिल्मी दुनिया में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खास मुकाम हासिल किया है। साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर हिंदी सिनेमा तक सक्रिय प्रज्ञा अब तक करीब 11 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि में एक और बड़ी कड़ी जुड़ने जा रही है। वह जल्द ही मेगास्टार चिरंजीवी के साथ भी एक फिल्म में नजर आएंगी।
प्रज्ञा नयन की कहानी किसी छोटे शहर से बड़े सपने लेकर निकलने और उन्हें हकीकत में बदलने के संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई डीएवी गिरिडीह से 12वीं तक पूरी की। इसके बाद प्रतिष्ठित संस्थान बीआईटीएस पिलानी से मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट जगत में कदम रखा और विप्रो में काम करने लगीं। इसी दौरान एक फिल्म निर्देशक की नजर उन पर पड़ी। निर्देशक ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया में अपनी किस्मत आजमाने की सलाह दी।

यहीं से प्रज्ञा के जीवन की दिशा बदल गई। उन्होंने फेसबुक के माध्यम से अपना पहला मॉडलिंग ऑडिशन दिया और धीरे-धीरे इस क्षेत्र में आगे बढ़ने लगीं। उन्हें लैक्मे जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के साथ काम करने का अवसर मिला। मॉडलिंग में पहचान बनाने के बाद उन्होंने फिल्मों की ओर रुख किया।
2020 में पहली फिल्म, अब 11 फिल्मों का अनुभव
वर्ष 2020 में प्रज्ञा नयन की पहली फिल्म रिलीज हुई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बीते पांच वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय प्रज्ञा अब तक तेलुगु और हिंदी की करीब 11 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। फिलहाल वह हैदराबाद में रहकर अपने अभिनय करियर को नई ऊंचाइयां देने में जुटी हैं।

उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘कलिंगा’ का नाम शामिल है। साइंस फिक्शन और फैंटेसी के तत्वों वाली इस फिल्म के अगले भाग ‘कलिंगा-2’ को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। इसके अलावा वह एक हिंदी फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसकी कहानी कश्मीर के डीजीपी और पुलिस विभाग की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
बड़े कलाकारों के साथ काम करने का मिला अवसर
प्रज्ञा के फिल्मी सफर में कई चर्चित कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव भी शामिल है। उन्होंने अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ से जुड़े अभिनेता अजय जी और ध्रुवा जैसे कलाकारों के साथ काम किया है। अब मेगास्टार चिरंजीवी के साथ फिल्म में काम करने का अवसर उनके करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कई भाषाओं में अभिनय, जर्मन भी सीख रहीं
प्रज्ञा नयन की मातृभाषा हिंदी है, लेकिन अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में काम करने के लिए उन्होंने अपनी भाषाई क्षमता का भी विस्तार किया है। वह हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, अंग्रेजी, बंगाली, पंजाबी और भोजपुरी जैसी भाषाओं में काम कर रही हैं। इसके साथ ही वह जर्मन भाषा भी सीख रही हैं। अलग-अलग भाषाओं के सिनेमा में काम करने की उनकी कोशिश उनके अभिनय करियर को व्यापक पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से फिल्मी दुनिया तक
प्रज्ञा के पिता गिरिडीह उपायुक्त कार्यालय में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत रहे हैं। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना उनके लिए आसान नहीं रहा। शुरुआती दौर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। लगातार मेहनत, सीखने की ललक और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

गिरिडीह के बरमसिया से मुंबई और हैदराबाद की फिल्मी दुनिया तक पहुंचने वाली प्रज्ञा नयन की कहानी सिर्फ एक अभिनेत्री के संघर्ष और सफलता की दास्तान नहीं है, बल्कि छोटे शहरों के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
आज साउथ फिल्म इंडस्ट्री में उनकी सक्रियता और बड़े कलाकारों के साथ काम करने के अवसर गिरिडीह के लिए गर्व का विषय हैं। प्रज्ञा का सफर बताता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। मजबूत इरादे, निरंतर मेहनत और अवसरों को पहचानने की क्षमता हो तो छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।


































