मिठाइयां और पटाखे बांटकर चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में दीपावली के पावन अवसर पर EYA Foundation द्वारा संचालित खुशियों की पाठशाला, बलदेव बस्ती में आज बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर EYA Foundation के सदस्यों ने बच्चों के बीच मिठाइयाँ एवं पटाखे वितरित किए और उनके साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनकी खुशी ने इस आयोजन को बेहद खास और यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरना और उनके साथ त्योहार के अनमोल पलों को साझा करना था। EYA Foundation का मानना है कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ खुशियाँ बाँटने और दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इन बच्चों की शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य और जीवन में खुशियों की रोशनी लाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
EYA Foundation के संस्थापक दीपक मिश्रा ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि इन बच्चों के जीवन में उम्मीद, अपनापन और खुशियों की रोशनी पहुँचाना है। बच्चों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। हम चाहते हैं कि हर बच्चा सम्मान, शिक्षा और खुशियों के साथ अपना भविष्य संवारे।”


































