उपायुक्त राजीव रंजन ने जुगसलाई और जमशेदपुर पश्चिम के विशेष कैम्पों का किया निरीक्षण; फॉर्म-6, जनसुनवाई और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बुधवार को जमशेदपुर पश्चिम और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में संचालित विशेष कैम्पों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने शारदामणि इंग्लिश स्कूल, राजेन्द्र विद्यालय, जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय परिसर सहित अन्य स्थानों पर लगाए गए विशेष डिजिटाइजेशन कैम्पों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से प्राप्त आवेदनों, जनसुनवाई में सामने आ रही समस्याओं तथा फॉर्म-6 से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली।
दस्तावेजों की जांच में सावधानी बरतने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि SIR से संबंधित डिजिटाइजेशन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्राप्त दस्तावेजों की जांच और ऑनलाइन प्रविष्टियों को सावधानीपूर्वक पूरा करने के साथ नागरिकों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों और समस्याओं का नियमानुसार यथासंभव मौके पर समाधान करने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने के निर्देश भी दिए गए।
पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 की जानकारी देने पर जोर
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 की प्रक्रिया के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। प्रशासन की ओर से विभिन्न स्तरों पर डिजिटाइजेशन-सह-हेल्प डेस्क भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को SIR से संबंधित जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा शिविर
उपायुक्त ने बताया कि SIR के तहत लंबित कार्यों के निष्पादन और नागरिकों की सुविधा के लिए 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित शिविर में पहुंचकर SIR से संबंधित आवश्यक कार्य पूरा कराएं। वहीं, जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया का लाभ उठा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, ईआरओ सह एसओआर राहुलजी आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित एईआरओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




































