अभिभावकों और बीएड छात्राओं को दी गई एचपीवी वैक्सीन की जानकारी, समय पर टीकाकरण और चिकित्सकीय सलाह पर जोर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
बच्चों और युवाओं के स्वस्थ भविष्य को सुरक्षित बनाने तथा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण और इससे जुड़े कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट और डीबीएमएस ट्रस्ट की ओर से कलाकृति प्रेक्षागृह में जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व, कैंसर से बचाव और इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. सुजाता मित्रा, वाइस चेयरमैन, मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल ने एचपीवी वैक्सीन से संबंधित महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के साथ समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और उचित टीकाकरण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
डीबीएमएस ट्रस्ट की चेयरपर्सन डॉ. बी. चन्द्रशेखर ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे विशेषज्ञों के सुझावों का पालन करें और टीकाकरण के प्रति जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

डीबीएमएस कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, इससे पहले आयोजित टीकाकरण अभियान में लगभग 120 से 150 लाभार्थियों को शामिल किया गया था। रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट की अध्यक्ष गुरप्रीत भाटिया ने बताया कि उनके संज्ञान में अभियान के दौरान किसी विद्यार्थी या अभिभावक की ओर से चक्कर आने, बेचैनी अथवा बुखार जैसे संभावित दुष्प्रभावों की कोई शिकायत नहीं आई थी।
शिक्षकों और छात्राओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम की समन्वयक एवं रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट की डायरेक्टर (न्यू जेनरेशन) डॉ. जूही समर्पिता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए डीबीएमएस कॉलेज की सचिव श्रीप्रिया धरमराजन और सह सचिव सुधा दिलीप के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में अभिभावकों के अलावा डीबीएमएस कॉलेज की बीएड छात्राओं, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मीनाक्षी, नेहा भारती तथा अन्य शिक्षिकाओं ने भाग लिया। डीबीएमएस कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मोनिका उप्पल ने कार्यक्रम का संचालन किया और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान अपने विद्यार्थियों को भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए जागरूकता को महत्वपूर्ण मानता है।
वहीं, डीबीएमएस कदमा स्कूल की प्राचार्या गुरप्रीत भाम्रा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों, विशेषज्ञों, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि एचपीवी संक्रमण और इससे जुड़े कैंसर के जोखिम को कम करने के लिए सही जानकारी, समय पर चिकित्सकीय सलाह और उपयुक्त टीकाकरण महत्वपूर्ण हैं। जागरूकता के माध्यम से बच्चों और युवाओं को स्वस्थ भविष्य की दिशा में प्रेरित किया जा सकता है।


































