फतेह लाइव, रिपोर्टर।
आज्ञा भई अकाल की तभै चलायो पंथ, सब सिखण को हुक्म है गुरु मानयो ग्रंथ…” दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के इस महान आदेश के साथ सोनारी गुरुद्वारा साहिब में बुधवार को गुरता गद्दी दिवस का पावन समागम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।

धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल, जमशेदपुर द्वारा गुरुद्वारा साहिब सोनारी कमिटी के सहयोग से आयोजित इस एक दिवसीय धार्मिक समागम में श्रद्धा, सेवा और गुरबाणी का अनुपम संगम देखने को मिला। दीवान का शुभारंभ अरदास एवं हुकमनामा साहिब के साथ हुआ। इसके पश्चात भाई गुरप्रीत सिंह, भाई निर्मल सिंह एवं भाई गुरदीप सिंह ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुतियों से संगत को निहाल किया। वहीं, कथावाचक ज्ञानी अमृतपाल सिंह मन्नण ने सिख इतिहास के गौरवशाली प्रसंगों का वर्णन करते हुए गुरु परंपरा की महानता और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सर्वोच्च आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में ज्ञानी अमृतपाल सिंह मन्नण ने कहा कि गुरता गद्दी दिवस सिख पंथ की आत्मा, आध्यात्मिक निरंतरता और गुरु परंपरा की अमरता का प्रतीक है। सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज ने वर्ष 1708 में नांदेड़ (महाराष्ट्र) में ज्योति-जोत समाने से पूर्व श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सिखों का शाश्वत एवं जीवंत गुरु घोषित किया था।

धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल, जमशेदपुर के प्रधान भाई रविन्दर सिंह ने कहा कि “सब सिखण को हुक्म है गुरु मानयो ग्रंथ” का महान संदेश समूची मानवता को शब्द, सत्य, समानता और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
समागम के दौरान बड़ी संख्या में संगत ने गुरुघर में हाजिरी भरकर गुरबाणी का अमृत रस ग्रहण किया। पूरे गुरुद्वारा परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। संगत की उपस्थिति ने गुरु परंपरा के प्रति अटूट विश्वास और सिख धर्म की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अकाली दल के प्रधान भाई रविंद्र सिंह, जत्थेदार भाई जरनैल सिंह, भाई सुखदेव सिंह खालसा, भाई रविंदरपाल सिंह, भाई अमृतपाल सिंह, भाई प्रितपाल सिंह, भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदेव सिंह, भाई जसबीर सिंह एवं भाई हरजिंदर सिंह का विशेष योगदान रहा।

































