फतेह लाइव, रिपोर्टर.
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में महिलाओं से चेन छिनतई की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए गिरिडीह पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई दो सोने की चेन भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को सिंदरीडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के समीप सुबह टहल रही एक महिला से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। इसके अलावा 7 जुलाई को भी एक अन्य महिला के साथ इसी तरह की घटना हुई थी। दोनों मामलों में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 186/2026 एवं 150/2026 दर्ज किए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के नया टोला जुगलगंज में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से दोनों कांडों में छीनी गई सोने की चेन बरामद की गई।
ये किया गया बरामद
पहली घटना की लगभग 11 ग्राम वजन की सोने की चेन।
दूसरी घटना की लगभग 19 ग्राम वजन की सोने की चेन।
छापामारी जारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है तथा घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में एसआईटी के पुलिस पदाधिकारियों एवं तकनीकी शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









































