फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की ओर से देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के जिला अध्यक्ष विनय कुमार यादव एवं महामंत्री जितेंद्र कुमार सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
समारोह में राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
परिषद के वरिष्ठ सदस्य सार्जेंट तापन मजूमदार ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली।
सार्जेंट राजीव सिंह ने आजादी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक एकता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परिषद की ओर से जमशेदपुर के समस्त सैनिक परिवारों, पूर्व सैनिकों एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। परिषद के सदस्यों ने संकल्प लिया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के हितों के साथ-साथ सामाजिक सेवा के कार्यों में संगठन आगे भी पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ सक्रिय रहेगा।
कार्यक्रम में जसवीर सिंह, मजूमदार, दीपक शर्मा, अवधेश कुमार, सतीश प्रसाद, सत्यप्रकाश, उमेश शर्मा, घनश्याम यादव, एब दी दोहे, वरुण कुमार, दयानंद सिंह रमेश प्रसाद, के न सिंह, सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।









































