धनचटानी में पांचवें दिन ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण, बच्चों के लिए चली शैक्षणिक कक्षा
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कदमा के एनएसएस यूनिट-1 की ओर से गोद लिए गए ग्राम धनचटानी में चल रहे विशेष शिविर के पांचवें दिन बुधवार को नशामुक्ति जागरूकता, शैक्षणिक गतिविधियों और महिला कौशल विकास से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

दिन की शुरुआत वीणापाणि हाई स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों, महाविद्यालय की उप प्राचार्या पमेला घोष, बीरेंद्र पाण्डेय, प्रोग्राम ऑफिसर पूनम तथा एनएसएस स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदाय के लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इसके कारण होने वाली व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ आदतें अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।
महिलाओं को दिया मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण
कार्यक्रम के अगले चरण में एनएसएस स्वयंसेवक पंचायत भवन पहुंचे। यहां ग्रामीण महिलाओं के लिए मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को मशरूम उत्पादन की जानकारी और व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
ग्रामीण महिलाओं ने प्रशिक्षण में रुचि के साथ भाग लिया। यह प्रशिक्षण दो दिवसीय है। इसका दूसरा चरण 8 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं को मशरूम तैयार करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा।
बच्चों के लिए लगी शैक्षणिक कक्षा
पंचायत भवन में मशरूम प्रशिक्षण के साथ एनएसएस स्वयंसेवकों ने बच्चों के लिए शैक्षणिक कक्षा का भी संचालन किया। स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता की तथा पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया।
धनचटानी में चल रहा एनएसएस विशेष शिविर ग्रामीण समुदाय के साथ प्रत्यक्ष रूप से जुड़कर सेवा, शिक्षा, जागरूकता और कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य करने का अवसर प्रदान कर रहा है। एनएसएस के आदर्श वाक्य “Not Me But You” (मैं नहीं, आप) की भावना के अनुरूप स्वयंसेवकों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
विशेष शिविर के दौरान वीणापाणि हाई स्कूल परिसर में एनएसएस स्वयंसेवकों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। यही परिसर शिविर की विभिन्न गतिविधियों के संचालन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।




































