कर्मचारियों की एकजुटता बनाए रखने पर दिया जोर, ‘टीम तेजस’ को मिला ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’
फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को टाटा मोटर्स के फाउंड्री डिविजन में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन के वरीय पदाधिकारियों जीएम ब्रजेश कुमार सिंह, डीजीएम एल. महापात्र, मुनीष कुमार, संजय सिंह एवं रंजन नायक का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान फूलों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंट कर अध्यक्ष, महामंत्री सहित प्रबंधन के वरीय पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने संयुक्त रूप से कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन और कर्मचारियों के बीच एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।
‘टीम तेजस’ के सदस्यों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान फाउंड्री डिविजन की ‘टीम तेजस’ को ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’ (PAR Excellence Award) मिलने पर टीम के सदस्यों को अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह के हाथों सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि पिछले दिनों बोकारो में चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट (CCQC-26) कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें फाउंड्री डिविजन की टीम तेजस ने अपना मॉडल प्रस्तुत किया था, जिसके लिए टीम को ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन साकेत भट्टाचार्य ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रणविजय सिंह ने किया।




































