यूनियन की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कर्मचारियों के बच्चों के लिए सुविधाओं, ज्वाइंट कंसल्टेशन और सेफ्टी सिस्टम पर हुई चर्चा
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
टाटा ग्रुप की TBEM असेसमेंट टीम ने गुरुवार को टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान टीम ने यूनियन की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों, टाटा स्टील और यूनियन के बीच ज्वाइंट कंसल्टेशन तथा करीब 100 वर्षों के संगठनात्मक सफर की जानकारी ली।
08 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे यूनियन के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित कार्यक्रम में TBEM असेसमेंट टीम के हेड सीएस-केसीजी एवं न्यू बिजनेस सर्विसेज, टाटा पावर-डीडीएल के रश्मिकांत प्रसाद तथा रीजनल बिजनेस हेड वेस्ट (AVP), टाइटन कंपनी के रामप्रभात यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे।
यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह और सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने टीम का स्वागत किया। इसके बाद महासचिव ने यूनियन के पदाधिकारियों का परिचय कराते हुए संगठन की गतिविधियों और कर्मचारियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
सोशल सिक्योरिटी से लेकर हायर एजुकेशन तक की जानकारी
बैठक में टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए सोशल सिक्योरिटी स्कीम, NPS, कोविड प्रोटेक्शन स्कीम, बेसिक डेवलपमेंट प्रोग्राम, कर्मचारियों के बच्चों की हायर एजुकेशन संबंधी सुविधाओं और लीव बैंक सहित विभिन्न पहलों के बारे में टीम को बताया गया।
सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने कर्मचारियों के बच्चों के लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था, नौकरी में उम्र संबंधी छूट तथा डाइवर्सिटी और महिला कर्मचारियों के लिए सुविधाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा की।
उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज आलम ने टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच ज्वाइंट कंसल्टेशन, यूनियन की भूमिका, सोल बारगेनिंग, थ्री-टियर सिस्टम और सेफ्टी से जुड़े कार्यों पर जानकारी दी। वहीं उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने यूनियन के संगठनात्मक ढांचे के बारे में बताया।
100 साल के सफर पर दिखाई फिल्म
कार्यक्रम के दौरान ऑफिस इंचार्ज धर्मवीर कुमार सिंह ने टाटा वर्कर्स यूनियन के करीब 100 वर्षों के सफर पर तैयार फिल्म का वीडियो प्रेजेंटेशन कराया। इसके बाद TBEM टीम को यूनियन कार्यालय और बीजी गोपाल हेरिटेज गैलरी का भ्रमण कराया गया। इस दौरान यूनियन के इतिहास, संगठन की गतिविधियों और टाटा स्टील-जमशेदपुर के साथ यूनियन के लंबे संबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भविष्य की योजनाओं और प्रोडक्टिविटी पर भी चर्चा
TBEM टीम के प्रतिनिधि रश्मिकांत प्रसाद ने यूनियन से प्रोडक्टिविटी और भविष्य में टाटा स्टील के लिए किए जाने वाले कार्यों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन के ऐतिहासिक योगदान की सराहना करते हुए संगठन को एक विरासत के रूप में आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।
टीम ने टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील जमशेदपुर के इतिहास एवं संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी लेने के बाद यूनियन की पूरी टीम का आभार जताया और भविष्य में भी इसी तरह सकारात्मक संकल्पों के साथ काम जारी रखने की उम्मीद व्यक्त की।
अध्यक्ष शहर से बाहर
कार्यक्रम के दौरान यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी शहर से बाहर होने के कारण उपस्थित नहीं थे। कार्यक्रम के समन्वय में टाटा स्टील जमशेदपुर के एरिया मैनेजर HRBP IR एंड रिवार्ड हर्षदीप बावरा की भूमिका रही।
इस अवसर पर यूनियन के उपाध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




































