प्रबंधन और कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस समझौता, दोनों पक्षों ने क्लब और कर्मचारियों के विकास को साथ लेकर चलने पर जताई सहमति
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में G Town Club के कर्मचारियों के लिए वर्ष का 16 प्रतिशत बोनस समझौता प्रबंधन और कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच संपन्न हो गया। समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 31,108 रुपये, औसत 36,481 रुपये और अधिकतम 40,503 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे।
बोनस समझौते पर क्लब प्रबंधन की ओर से प्रेसिडेंट विनीत कुमार शाह, वाइस प्रेसिडेंट राजेश कुमार झा, जनरल सेक्रेटरी विकास कुमार, राकेश जायसवाल और रोशन दे ने हस्ताक्षर किए।
वहीं यूनियन की ओर से प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडे, डिप्टी प्रेसिडेंट बी.के. डिंडा, जनरल सेक्रेटरी ददन सिंह तथा यूनियन कमेटी मेंबर कीर्तन महतो और मो. हामिद ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
क्लब और कर्मचारियों की तरक्की साथ-साथ
बोनस समझौते के बाद G Town Club के अध्यक्ष विनीत कुमार शाह और यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने खुशी जाहिर की। दोनों ने कहा कि वर्तमान समय में क्लब लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके साथ कर्मचारियों का विकास भी जरूरी है।
दोनों पक्षों ने क्लब की प्रगति के लिए प्रबंधन और कर्मचारियों को साथ लेकर चलने पर सहमति जताई। साथ ही क्लब में आने वाले सदस्यों और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई।
क्लब के भोजन की गुणवत्ता की तारीफ
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने G Town Club में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि क्लब के भोजन की गुणवत्ता की चर्चा शहर में अन्य जगहों पर भी होती है। उन्होंने बोनस समझौते के लिए क्लब प्रबंधन को धन्यवाद दिया। दोनों पक्षों की सहमति और हस्ताक्षर के साथ बोनस समझौता संपन्न हुआ।




































