फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने झारखंड में आयोजित जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब हस्तक्षेप करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के नाम एक गुहार पत्र जारी करते हुए कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और अनियमितताओं की शिकायतें युवाओं के विश्वास को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता।
परविंदर सिंह ने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़ी सभी शिकायतों एवं आरोपों की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों या अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
उन्होंने राज्य सरकार से परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करने की अपील करते हुए कहा कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया, तकनीकी निगरानी, समय पर परीक्षा एवं परिणाम जारी करने की व्यवस्था, शिकायत निवारण तंत्र और जवाबदेही तय करना जरूरी है।
जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से जल्द वार्ता करने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संवाद और न्यायपूर्ण समाधान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
परविंदर सिंह ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी और झारखंड के युवाओं को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी।















