नर्सरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए मॉडल, ‘करके सीखो’ की नीति से विकसित की वैज्ञानिक सोच
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर। संत जेवियर्स इंग्लिश हाई स्कूल, खासमहल के प्रांगण में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक एवं उन्नत सोच विकसित करने के उद्देश्य से बुधवार को विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी का आयोजन बच्चों में ‘करके सीखो’ की नीति के तहत किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान सहित विभिन्न विषयों से संबंधित मॉडल तैयार कर उन्हें प्रदर्शित किया और अपने मॉडल की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
विद्यालय की ट्रस्टी लुसी सिंह ने कहा कि बच्चों में अभिनव सोच विकसित करने तथा विज्ञान और अन्य विषयों के प्रति उनका आकर्षण बढ़ाने के लिए इस तरह की गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रयोग और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने से उनमें सीखने की क्षमता के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी विकसित होता है।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के माध्यम से यह संदेश दिया कि आने वाला भविष्य उनकी नई सोच और प्रतिभा से आकार लेगा। अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सुशील सिंह और विद्यालय सचिव गौरव गिरी ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के एडमिन के.सी. भारती, डिसिप्लिन इंचार्ज प्रणय खंडाईत, कोऑर्डिनेटर स्वाति झा, बर्मामाइन्स शाखा की कोऑर्डिनेटर निर्मला, कल्चरल हेड चूंकि कुमारी, एग्जामिनेशन हेड विश्वास त्रिपाठी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




































