साकची के बोधी मैदान में सजेगा डांडिया और गरबा का रंग; बेस्ट डांसर, बेस्ट ड्रेस और बेस्ट कपल को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
त्योहारों के इस पावन मौसम में जमशेदपुरवासियों को डांडिया और गरबा की रंगीन शाम का आनंद देने के लिए रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की ओर से दो दिवसीय डांडिया उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आगामी 17 और 18 अक्टूबर को साकची स्थित बोधी मैदान में होगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण भोजपुरी फिल्म जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री आस्था सिंह होंगी। वह 18 अक्टूबर को डांडिया उत्सव में बतौर सेलिब्रिटी आर्टिस्ट शिरकत करेंगी। उनकी मौजूदगी और लाइव प्रस्तुति कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, 17 अक्टूबर को नवरात्रि डांडिया का आयोजन होगा, जबकि 18 अक्टूबर की शाम आस्था सिंह की मौजूदगी के साथ उत्सव को विशेष रूप दिया जाएगा। दोनों दिनों में पारंपरिक गुजराती गीतों के साथ आधुनिक और फ्यूजन संगीत की जुगलबंदी पर शहरवासी डांडिया और गरबा का आनंद ले सकेंगे।
उत्सव के दौरान बेस्ट डांडिया डांसर, बेस्ट ड्रेस मेल, बेस्ट ड्रेस फीमेल और बेस्ट कपल जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर स्वादिष्ट खान-पान के साथ विभिन्न प्रकार के पारंपरिक उत्पादों और कलाकृतियों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को इस तरह तैयार किया गया है कि परिवार के साथ आने वाले लोग सुरक्षित और खुशनुमा माहौल में डांडिया की मस्ती का आनंद ले सकें।
रिफ्लेक्शन नेटवर्क के आयोजकों ने कहा कि शहरवासियों को त्योहार के दौरान मनोरंजन, संगीत और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से इस आयोजन की तैयारी की गई है। आस्था सिंह की मौजूदगी से इस बार का डांडिया उत्सव और भी खास होगा। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना है। दो दिवसीय डांडिया नाइट के लिए पास और बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।




































