न्यूनतम ₹41,318 बोनस पर हुआ समझौता, प्रबंधन और यूनियन ने मिलकर संस्थान को और बेहतर बनाने पर दिया जोर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन प्रबंधन एवं कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के तहत कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस मिलेगा। कर्मचारियों को न्यूनतम ₹41,318 और अधिकतम ₹50,506 बोनस राशि प्राप्त होगी।
बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सह अध्यक्ष प्रमोद कुमार, सेक्रेटरी अंकित सिन्हा, ट्रेजरर रंजीत वर्मा, गुरमीत सिंह एवं बी.एस.एन. राजू ने हस्ताक्षर किए। वहीं कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, सह-अध्यक्ष बी.के. डिंडा, महासचिव ददन सिंह एवं कमेटी मेंबर पी.के. दास ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार और यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि डायरेक्टर बंगला का प्रदर्शन बेहतर रहा है, जिसके कारण बाहर से आने वाले विशिष्ट एवं मुख्य अतिथियों की पहली पसंद टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और संगठन को आगे बढ़ाने के लिए प्रबंधन एवं यूनियन को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। संस्थान की कार्यप्रणाली और सेवाओं को और बेहतर कैसे बनाया जाए, इस दिशा में सभी को मिलकर ध्यान देने की जरूरत है। बोनस समझौते को कर्मचारियों के हित में प्रबंधन और यूनियन के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम बताया गया।




































