फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को रांची स्थित झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचा और उनकी पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
जमशेदपुर के सोनारी-मरीन ड्राइव क्षेत्र में 24 सितंबर की तड़के हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मंत्री की बेटी तृषा सिंह सहित चार युवाओं की असमय मृत्यु हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे जमशेदपुर में शोक का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके पति जमशेदपुर निवासी रत्नेश सिंह से मुलाकात कर उनके प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए शब्दों से परे होता है। तृषा का असमय निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस कठिन और पीड़ादायक समय में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ा है।
प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत तृषा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रतिनिधिमंडल ने हादसे में जान गंवाने वाले अन्य तीन युवाओं के प्रति भी श्रद्धांजलि व्यक्त की।
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल, जिला महासचिव प्रदीप मिश्रा, प्रांतीय संयुक्त महामंत्री बिमल अग्रवाल, जिला पंचायत समिति सदस्य श्रीराम सरोज (अधिवक्ता), उपाध्यक्ष दिलीप गोयल एवं कोषाध्यक्ष विजय गोयल उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इतनी कम उम्र में चार होनहार युवाओं का यूं अचानक दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा सभी शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।




































