Jharkhand Big News : हजारीबाग में पुलिस-प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में एक बदमाश ढेर होने से बचा, गोली लगने से घायल; कई फरार

SHARE:

फतेह लाइव, हजारीबाग।

झारखंड में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच हजारीबाग पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग से जुड़े बदमाशों के बीच गुरुवार देर रात जबरदस्त मुठभेड़ हुई। बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके कई साथी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया और संवेदनशील इलाकों में विशेष घेराबंदी के साथ सघन अभियान शुरू किया गया।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

इसी दौरान बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। कुछ देर तक चली मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश जंगल की ओर भाग निकले।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार अपराधियों की तलाश में पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है और आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

पुलिस का मानना है कि यह वही गैंग है, जिसकी गतिविधियां हाल के दिनों में एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर फायरिंग समेत कई आपराधिक घटनाओं में सामने आई थीं। इसी घटना के बाद से पुलिस लगातार गैंग के नेटवर्क पर नजर रख रही थी।

एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

फिलहाल पुलिस घायल बदमाश से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी साजिश का पता लगाने में जुटी है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

अभी-अभी

Horoscope

Weather

और पढ़ें