वादे के मुताबिक, रेलवे ने कोई लिखित प्रतिवेदन नहीं दिया, हमारे सवाल के अनुरुप नहीं आया जवाब
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सीकेपी रेल मंडल के सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने जनता दल यूनाइटेड के महानगर अध्यक्ष और 7 अप्रैल को आयोजित धरना कार्यक्रम के संयोजक अजय कुमार के पत्र पर जवाब भेजा है। अजय कुमार के अनुसार, वह इस जवाब से कतई संतुष्ट नहीं हैं।
यहां जारी बयान में अजय कुमार ने कहा कि पत्र के पहले बिंदु में जिन तथ्यों को सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने त्वरित कार्यवाही के रुप में बताया है, उसका कोई असर नहीं है। बाकी जो अल्पकालीन और दीर्घकालीन प्रयासों की बात है, वह उनकी अपनी योजना की चीजें हैं।
उन्होंने कहा कि कल (रविवार को) डीआरएम के साथ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की बैठक में श्री राय ने कहा था कि बीते तीन महीने में कौन-कौन गाड़ियां कितनी विलंब से चली हैं, उनका विश्लेषण करके उन्हें (श्री राय को) रिपोर्ट दी जाए। राय ने डीआरएम से यह भी कहा था कि बीते पांच साल में कितनी गाड़ियां जमशेदपुर होकर गुजरीं, उनकी संख्या में कोई कमी-बेशी हुई हो तो उसकी जानकारी दें ताकि यह पता चल सके कि अगर ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ी तो वो कौन से कारण हैं, जिससे ट्रेनें विलंब होती रही हैं। श्री राय ने यह भी कहा था कि अगर जरूरत पड़े तो मालगाड़ियों को रोक कर यात्री ट्रेनों को बढ़ाया जाए लेकिन इन मुद्दों के बारे में कोई भी लिखित प्रतिवेदन नहीं मिला।
यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ नागरिक धरना, तैयारियां पूरी
यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ मंगलवार, 7 अप्रैल को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर आहूत नागरिक धरना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। नागरिक धरना पूर्वाह्न 10 बजे शुरु होगा। नागरिक धरना सफल हो, इस संबंध में जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त जनसंपर्क अभियान चलाया। मंडल स्तर पर बैठकें की गईं और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से धरना में शामिल होने की अपील की गई है। यह नागरिक धरना टाटानगर रेलवे जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप होगा। इस धरना को जबरदस्त जन समर्थन मिल रहा है।











