दलमा में अत्याधुनिक इको रेस्ट हाउस, पर्यटकों को मिलेगी लग्जरी सुविधा

SHARE:

जमशेदपुर: दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी आने वाले पर्यटकों के लिए अब प्रकृति के बीच लग्जरी ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। रविवार को मकुलाकोचा स्थित अत्याधुनिक इको रेस्ट हाउस का उद्घाटन राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने विधिवत पूजा-अर्चना, फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर किया। उद्घाटन के साथ ही रेस्ट हाउस को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया।

इस अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने बताया कि पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ और झारखंड पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इको रेस्ट हाउस का किराया 3,500 रुपये प्रति रात्रि निर्धारित किया गया है, जिसमें नाश्ता भी शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का उद्देश्य पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक वातावरण का अनूठा अनुभव उपलब्ध कराना है।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार दलमा क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा में 15-15 कमरों वाले आधुनिक इको रेस्ट हाउस विकसित कर रही है। इसके अलावा पिंडराबेड़ा में निर्माणाधीन हैंगिंग इको रेस्ट हाउस का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे जल्द ही पर्यटकों के लिए समर्पित किया जाएगा।

मकुलाकोचा स्थित यह इको रेस्ट हाउस घने जंगलों और प्राकृतिक हरियाली के बीच बनाया गया है। यहां ठहरने वाले पर्यटक दलमा की जैव विविधता, शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद उठा सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से न केवल झारखंड में इको-टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उद्घाटन समारोह के बाद स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसने समारोह को और आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया तथा लोगों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अभी-अभी

ਪੰਜਾਬੀ ਖ਼ਬਰਾਂ

Horoscope

Weather

और पढ़ें

हिंदी खबर