मरीन ड्राइव पर तड़के करीब 3 बजे हुआ भीषण हादसा, कार के उड़े परखच्चे; गैस कटर से निकाले गए शव
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड पर एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं।
खड़े ट्रक से जा टकराई कार
पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 बजे मरीन ड्राइव के दोमुहानी इलाके में हुआ। बताया गया कि एक व्यावसायिक ट्रक सड़क पर खराब होने के बाद खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
चार लोगों की गई जान
मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में सामने आई है। तृषा सिंह झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी थीं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक सड़क के किनारे खराब होने के कारण खड़ा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
घटना की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए शब्दों से परे है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी घटना पर शोक जताया और दीपिका पांडेय सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जमशेदपुर की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क पर खराब होकर खड़े भारी वाहनों के लिए पर्याप्त चेतावनी और सुरक्षा व्यवस्था के सवाल खड़े किए हैं। पुलिस की जांच के बाद हादसे की पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।




































