ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में छात्र परिषद का पदग्रहण एवं अलंकरण समारोह संपन्न, लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए प्रतिनिधियों ने संभाली जिम्मेदारी
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
गिरिडीह के धारियाडीह स्थित ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के गठन हेतु पदग्रहण एवं अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साह और गरिमा के माहौल के बीच लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए छात्र-प्रतिनिधियों ने अपने पद की जिम्मेदारियां संभालीं।

समारोह में विद्यालय की प्राचार्या चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही सभी प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों के अनुरूप बैज एवं सैस पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस वर्ष छात्र परिषद में फैजान को हेड बॉय तथा अनबिया अहमद को हेड गर्ल चुना गया। वहीं रौनक कुमार को स्पोर्ट्स कैप्टन और अमान अली को वाइस स्पोर्ट्स कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। विभिन्न हाउसों के लिए मुजम्मिल अंसारी, अनन्या तर्वे, फैजान, सरताज आलम, आलिया, रोमिसा महताब, साईका परवीन, अरहान, पवित्रा साहू, सहजेब रजा एवं उमर अहमद का चयन मतदान प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।
प्राचार्या चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने नवचयनित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी छात्र-प्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ करेंगे तथा विद्यालय के अनुशासन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विद्यालय में छात्र परिषद का चुनाव लोकतंत्र के उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न हुए इस चुनाव ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक प्रक्रिया से रूबरू कराया। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी रही।
कार्यक्रम का संचालन मोबेसिर उस्मानी एवं ईरम ने किया, जबकि अंजली कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नवचयनित परिषद के छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









