फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था आग़ाज़ के सदस्यों ने गोलमुरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर देश के वीर अमर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सदस्यों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर आग़ाज़ के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने अपने अदम्य साहस से देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए इतिहास रचा। उनका बलिदान हर भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि देश उनके इस अमूल्य बलिदान का ऋण कभी नहीं चुका सकता, लेकिन उनके आदर्शों को अपनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अवश्य दी जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा देश की एकता, अखंडता और सैनिकों के सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, सुमित मिश्रा, गुरबचन सिंह राजू, सुरेश मुखी, जगजीत सिंह समेत संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










