जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सीआरपीएफ की 197वीं बटालियन में तैनात जवान पिंटू कुमार साव (35) का बुधवार तड़के इलाज के दौरान निधन हो गया। वह मलेरिया से संक्रमित थे और गंभीर स्थिति में उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन बुधवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान के निधन से सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को ड्यूटी के दौरान पिंटू कुमार साव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रारंभिक जांच में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू हुआ और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया। हालांकि लगातार उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार तड़के उनका निधन हो गया।
जवान के निधन की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान एमजीएम अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम से पहले अस्पताल परिसर में उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। अधिकारियों और साथियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके कर्तव्यनिष्ठ जीवन और सेवा भावना को याद किया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बिहार के वैशाली जिले के फरीदपुर भेजने की तैयारी की गई, जहां पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बताया गया कि पिंटू कुमार साव का विवाह लगभग दस वर्ष पहले हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, पांच वर्ष और तीन वर्ष की दो बेटियां तथा दो माह का एक बेटा है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के निधन से घर पर गहरा दुख छा गया है। मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही दिवंगत जवान की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देशसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। जवान के निधन की खबर से उनके गांव और परिचितों में भी शोक का माहौल है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।










