फतेह लाइव, रिपोर्टर।
आर के महिला महाविद्यालय, गिरिडीह में नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से ‘दीक्षारंभ कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करना था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णानन्द शर्मा ने छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की आधारशिला है। उन्होंने सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और अनुशासित जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर डॉ. अनुज कुमार ने छात्राओं को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) समन्वयक प्रो. नम्रता तिर्की ने नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम की संरचना एवं अध्ययन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षकों का परिचय कराया गया। शिक्षकों ने छात्राओं को शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली, एनएसएस (NSS), एनसीसी (NCC), पुस्तकालय, छात्र सहायता सेवाओं तथा महाविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम का सफल संचालन आईक्यूएसी (IQAC) समन्वयक प्रो. रेणुका साहू ने किया। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, डॉ. मनीषा रतन होरो, डॉ. पूनम प्रभा मुंडू, डॉ. दीपिका कुमारी, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. छाया रानी तिवारी, प्रो. लक्ष्मण राम, प्रदीप कुमार राणा, सौमित सामंता, चिंता प्रतिमा, महेंद्र सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
















