12वीं में 84% अंक के बाद महाराष्ट्र के बिधर स्थित श्री गुरु नानक देव जी इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश, 100% स्कॉलरशिप भी दिलाई, छात्रा व माता-पिता सम्मानित
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
प्रतिभा को अवसर मिले तो सपनों को नई उड़ान मिल सकती है। इसी सोच के साथ सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) ने नरभेराम हंसराज स्कूल की छात्रा जसवीन कौर की आगे की पढ़ाई में महत्वपूर्ण सहयोग करते हुए उसका महाराष्ट्र के बिधर स्थित श्री गुरु नानक देव जी इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला कराने के साथ 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप दिलाने में सफलता हासिल की।
जसविन कौर ने 12वीं कक्षा में 84 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। उसकी प्रतिभा को देखते हुए सीजीपीसी ने कॉलेज प्रबंधन से संपर्क कर उसके दाखिले और स्कॉलरशिप के लिए पहल की। सीजीपीसी के प्रयास से जसविन को इंजीनियरिंग की पढ़ाई का अवसर मिला।
इस उपलब्धि के बाद सीजीपीसी कार्यालय में शनिवार को छात्रा जसवीन कौर, उसके पिता हरजिंदर सिंह और माता मनमीत कौर को शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह ने जसवीन कौर और उसके माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि सीजीपीसी भविष्य में भी अच्छे अंक हासिल करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग करती रहेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक या अन्य कारणों से किसी प्रतिभाशाली बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए समाज को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
झारखंड एवं सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने जसविन कौर के दाखिले और 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप में सहयोग के लिए श्री गुरु नानक देव जी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रधान बलबीर सिंह, चयन समिति के चेयरमैन पी.एस. पसरिचा, जसवीर सिंह जी धाम एवं कॉलेज के अन्य पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में कॉलेज प्रबंधन का सहयोग सराहनीय है।
सीजीपीसी की इस पहल से जसविन कौर को इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर मिला है। कमेटी ने संकेत दिया कि भविष्य में भी जरूरतमंद और प्रतिभावान विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए सहयोग का यह सिलसिला जारी रखा जाएगा।
सम्मान समारोह में प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, मीत प्रधान एवं बागबेड़ा के प्रधान बलकार सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी, सलाहकार रणजीत सिंह, सुखदेव सिंह बिट्टू, सुरेंद्र सिंह शिंदे, सरबजीत सिंह ग्रेवाल, पोली सिंह, ज्ञानी कुलदीप सिंह, तेजपाल सिंह, विक्की सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
















