फतेह लाइव, रिपोर्टर।
धनबाद के सिंदरी में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सिंदरी अनुमंडल पुलिस कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह के दौरान सुबह 11 बजे ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
समारोह में सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो, सिंदरी थाना प्रभारी पु.नि. राजेश कुमार, सिंदरी अंचल की पु.नि. नूतन मोदी, जोड़ापोखर थाना प्रभारी पु.नि. उदय प्रसाद गुप्ता, झरिया थाना प्रभारी पु.नि. शशि रंजन, गौशाला ओपी प्रभारी एसआई शंभू प्रसाद सिंह, पाथरडीह थाना प्रभारी एसआई बिट्टू कुमार, सुदामडीह थाना प्रभारी एसआई आकृष्ट अमन, बैरागढ़ ओपी प्रभारी एसआई निरंजन कुमार सिंह, लोदना ओपी प्रभारी एसआई राजेश कुमार, घनुडीह ओपी प्रभारी एसआई पंकज कुमार तथा अलकडीहा ओपी प्रभारी एसआई बालमुकुंद सिंह सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना एवं ओपी के पुलिस पदाधिकारी और कार्यालय कर्मी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान में सहभागिता की। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कानून-व्यवस्था के साथ नागरिक सुरक्षा पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाता है। पुलिस बल का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और न्याय सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस के साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है।
विभिन्न थाना एवं ओपी के पदाधिकारियों की उपस्थिति से समारोह गरिमामय बना रहा। अंत में सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।









































