सुबह 8:35 से शाम 4:10 बजे तक पूजन का विशेष मुहूर्त, बाजारों में अनंत धागे और पूजन सामग्री की बढ़ी मांग
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर घरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना और अनंत सूत्र धारण करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को बाजारों में भी पर्व को लेकर चहल-पहल देखने को मिली। लोगों ने अनंत के धागे, प्रसाद और पूजन सामग्री की खरीदारी की।
अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा करने और 14 गांठों वाला अनंत सूत्र धारण करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा और विधि-विधान से व्रत रखकर भगवान विष्णु की आराधना करने से जीवन के संकट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि की कामना पूरी होती है।
इस समय करें अनंत चतुर्दशी की पूजा
पर्व पर पूजा के लिए सुबह 8:35 बजे से शाम 4:10 बजे तक का समय विशेष बताया गया है। श्रद्धालु इस दौरान भगवान विष्णु की पूजा कर अनंत सूत्र की विधिवत पूजा के बाद उसे धारण करेंगे। कई परिवारों में इस दिन व्रत रखने की भी परंपरा है।
अनंत चतुर्दशी को लेकर गुरुवार से ही बाजारों में अनंत सूत्र और पूजा सामग्री की बिक्री शुरू हो गई। दुकानों पर 14 गांठ वाले अनंत धागे के साथ प्रसाद और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की खरीदारी करते लोग नजर आए।




































