बैंक खुलते ही घुसे डकैत, गार्ड को पीटा और कर्मियों को बनाया बंधक; 40 लाख कैश के साथ 100 से ज्यादा ग्राहकों का गोल्ड लेकर फरार, पुलिस ने बनाई 20 सदस्यीय SIT
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
झारखंड के जमशेदपुर में बैंक डकैती की ऐसी बड़ी वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक की शाखा में गुरुवार सुबह पांच हथियारबंद अपराधी घुस गए। अपराधियों ने बैंक के गार्ड और कर्मचारियों को बंधक बनाया और करीब एक घंटे तक बैंक के अंदर तांडव मचाने के बाद 40 लाख रुपये कैश और 23.80 किलो मॉरगेज गोल्ड लेकर फरार हो गए।
बैंक के अनुसार, बरामदगी के लिए ले जाए गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33.20 करोड़ रुपये है। नकदी जोड़ने पर डकैती की कुल रकम करीब 33.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बैंक खुलते ही अंदर घुस गए अपराधी
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:10 बजे सफाईकर्मी बैंक पहुंचे थे। बैंक खुलते ही पहले से घात लगाए पांच अपराधी अंदर दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने बैंक में मौजूद कर्मियों के हाथ-पैर सेलो टेप से बांध दिए और सभी को चुप रहने की धमकी दी।
कुछ देर बाद बैंक का सुरक्षा गार्ड पहुंचा तो अपराधियों ने उसे भी बंधक बना लिया। विरोध करने पर पिस्तौल की बट से उसके चेहरे पर वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर से सेफ की चाबी हासिल की और कैश तथा गोल्ड निकालना शुरू कर दिया।
एक घंटे तक बैंक में रहा डकैतों का कब्जा
बताया गया कि अपराधी करीब एक घंटे तक बैंक के अंदर रहे। उन्होंने कैश और सोने को बैग में भरा और करीब 10:12 बजे बैंक से बाहर निकले। इसके बाद सभी अपराधी दो बाइक से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कुछ दूरी जाने के बाद अपराधी अलग-अलग रास्तों पर बंट गए। इनमें से एक के पैदल भागने की भी बात सामने आई है।
23.80 किलो सोना, 100 से ज्यादा ग्राहक प्रभावित
बैंक से ले जाया गया सोना मॉरगेज गोल्ड है, जिसे ग्राहकों ने गोल्ड लोन के एवज में बैंक में जमा कराया था। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार, इसमें 100 से अधिक ग्राहकों के गहने शामिल हो सकते हैं। फिलहाल बैंक की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
डकैती के बाद पुलिस ने बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की तस्वीरें CCTV में कैद हुई हैं। अब तक 100 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच की जा चुकी है।
नौ DSP और सात थाना प्रभारी, 20 पुलिसकर्मियों की SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 20 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इसमें जिले के नौ DSP और सात थाना प्रभारी समेत 20 पुलिसकर्मी शामिल हैं। SIT का नेतृत्व सिटी एसपी कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सिटी डीएसपी संजीव कुमार, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार समेत पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी बैंक पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
रेनकोट पहनकर आए थे अपराधी
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अनुसार, पांच अपराधी बैंक में डकैती के लिए पहुंचे थे और सभी ने रेनकोट पहन रखा था। पुलिस अब CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती 33.60 करोड़ रुपये के इस बड़े लूटकांड में शामिल अपराधियों तक पहुंचना और लूटे गए सोने की बरामदगी करना है।




































