जांच-इलाज और फिजियोथैरेपी में भी मिलेगी छूट; 13 चिकित्सक जुड़े, मेडिकल बुक से शुरू हुई सुविधा
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में पत्रकारिता की भागदौड़ और लगातार बढ़ते काम के बीच पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल की है। क्लब ने अपने सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए चिकित्सीय सुविधा की शुरुआत करते हुए मेडिकल बुक जारी की है। इसके जरिए सदस्यों को जुड़े हुए चिकित्सकों की ओपीडी सेवा निःशुल्क मिल सकेगी, जबकि विभिन्न जांच, उपचार और फिजियोथैरेपी में निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा।

शनिवार को बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस सभागार में शनिवार को आयोजित मेडिकल बुक विमोचन सह वितरण समारोह में चिकित्सकों और प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से मेडिकल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर डॉ. आर. कुमार, डॉ. राजीव ठाकुर, डॉ. केतन वर्मा, डॉ. आर.के. सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, महासचिव विकास श्रीवास्तव एवं सह सचिव अमित तिवारी समेत क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।

13 चिकित्सकों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
प्रेस क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल बुक सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए चिकित्सीय सुविधा प्राप्त करने का माध्यम होगी। वर्तमान में 13 चिकित्सकों ने क्लब के साथ जुड़ने की सहमति दी है। सदस्य संबंधित चिकित्सकों के यहां मेडिकल बुक के माध्यम से निःशुल्क ओपीडी सेवा का लाभ ले सकेंगे। जांच और उपचार के लिए संबंधित चिकित्सकों द्वारा निर्धारित छूट भी उपलब्ध कराई जाएगी। क्लब की योजना आने वाले दिनों में इस सुविधा का दायरा बढ़ाने की है, ताकि अधिक चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों को इससे जोड़ा जा सके।
जांच से लेकर फिजियोथैरेपी तक मिलेगी सुविधा
स्वास्थ्य सुविधा को केवल चिकित्सकीय परामर्श तक सीमित नहीं रखा गया है। साकची स्थित ट्रू केयर, फर्स्ट स्टेप फिजियोथैरेपी तथा मानगो स्थित आर.के. फिजियोथैरेपी ने भी प्रेस क्लब के सदस्यों एवं उनके आश्रितों को निर्धारित छूट दर पर सेवाएं उपलब्ध कराने की सहमति दी है।
अस्पतालों को भी जोड़ने का सुझाव
कार्यक्रम में डॉ. राजीव ठाकुर ने प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए इसे पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए उपयोगी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधा को आगे और व्यापक बनाया जाना चाहिए। डॉ. आर. कुमार ने सुझाव दिया कि क्लब को भविष्य में अस्पतालों को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की पहल करनी चाहिए। इससे गंभीर जरूरत के समय पत्रकारों और उनके परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। डॉ. केतन वर्मा और डॉ. आर.के. सिंह ने भी पहल की सराहना करते हुए इसे मजबूत बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
‘यह शुरुआत है, सुविधा का दायरा और बढ़ेगा’ : अध्यक्ष
प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने कहा कि जमशेदपुर प्रेस क्लब अपने सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए विधिवत चिकित्सीय सुविधा शुरू करने वाला पहला प्रेस क्लब है। उन्होंने कहा कि यह अभी शुरुआत है और आने वाले समय में अधिक चिकित्सकों, अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों को इस व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सामने लाने और अपने दायित्वों के निर्वहन में लगातार सक्रिय रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और परिवार की जरूरतों का ध्यान रखना भी क्लब की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ सदस्य को मिली पहली मेडिकल बुक
समारोह के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने क्लब के वरिष्ठ सदस्य जयनंदन शर्मा को मेडिकल बुक प्रदान कर इसके वितरण की शुरुआत की। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने इस पहल की सराहना की और चिकित्सीय सेवा से जुड़ने वाले सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में महासचिव विकास कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार कुलविंदर सिंह, प्रमोद झा, अरविंद श्रीवास्तव, चंद्रशेखर, मनीष सिन्हा, आकाश, सानू, अजित, तारकेश्वर सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
















