निर्मल महतो के शहादत स्थल पर आजसू युवाओं ने किया आत्ममंथन, कदमा में आयोजित सभा में सरकार पर साधा निशाना
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में आजसू पार्टी के दो दिवसीय राज्य युवा अधिवेशन के अंतिम दिन शनिवार को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शहीद निर्मल महतो के शहादत स्थल पहुंचे। बिरसा मुंडा टाउन हॉल से बस मार्ग से कार्यकर्ताओं के साथ चमरिया गेस्ट हाउस स्थित शहादत स्थल पहुंचकर सुदेश महतो ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दो मिनट बैठकर आत्ममंथन किया। इसके बाद उलियान स्थित समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना।

इसके बाद कदमा गणेश पूजा मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विरासत में मिली सत्ता के सुख में सरकार जनता और युवाओं की वास्तविक समस्याओं से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का युवा अपने अधिकार और भविष्य के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन उसकी आवाज सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंच रही है।

सुदेश महतो ने कहा कि सरकार के मुखिया से महज कुछ दूरी पर युवा अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनके दर्द को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने इसे झारखंड के लिए चिंताजनक स्थिति बताते हुए सरकार से युवाओं की आवाज सुनने की मांग की।
निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प
शहीद निर्मल महतो को याद करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि जिस धरती पर आजसू के कार्यकर्ताओं ने बैठकर आत्ममंथन किया, वहां निर्मल दा के संघर्ष और बलिदान की स्मृतियां आज भी झारखंड के भविष्य के लिए प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने ऐसे झारखंड की कल्पना की थी, जहां युवाओं को रोजगार मिले, बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो, समुचित विकास हो और झारखंडी विचार एवं अस्मिता को सम्मान मिले। आजसू का लक्ष्य युवाओं को नेतृत्व देकर उनके सपनों के झारखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।
सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि आने वाली पीढ़ी को तैयार करने की राजनीति करती है। पार्टी युवाओं को केवल कार्यकर्ता बनाकर नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें संगठनकर्ता और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का साहस और झारखंड के भविष्य को लेकर स्पष्ट सोच विकसित करना पार्टी की प्राथमिकता है। आने वाले समय में यही युवा शहीद निर्मल महतो के सपनों के झारखंड के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
युवाओं को नेतृत्व देकर विकसित झारखंड बनाना लक्ष्य : रामचंद्र सहिस
आजसू नेता रामचंद्र सहिस ने कहा कि पार्टी युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भविष्य का नेतृत्व मानते हुए उन्हें अवसर देने और नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं को बोलने, समझने, निर्णय लेने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का मंच देती है। प्रशिक्षण और वैचारिक पाठशाला के माध्यम से युवा कार्यकर्ताओं को संगठनकर्ता एवं जननेता के रूप में तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आजसू युवाओं को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण में सहभागी बनाना चाहती है। युवाओं से उन्होंने निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
युवा अधिवेशन में झारखंड के भविष्य पर हुआ मंथन
प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि आजसू पार्टी के युवा नेताओं का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड आंदोलन और शहीद निर्मल महतो के विचारों एवं संघर्षों से प्रेरणा लेकर राज्य के बेहतर भविष्य की रूपरेखा तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी संघर्ष, जनसेवा और जनहित के मार्ग पर आगे बढ़ने वाले नेतृत्व का निर्माण करना चाहती है। इसी उद्देश्य से राज्यभर से युवा कार्यकर्ता अधिवेशन में शामिल हुए और झारखंड की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन किया।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को झारखंड आंदोलन के इतिहास, निर्मल महतो के आदर्शों और राज्य के विकास में अपनी जिम्मेदारियों से अवगत कराना समय की आवश्यकता है।
झामुमो नेता कान्हू सामंत समर्थकों के साथ आजसू में शामिल
कार्यक्रम के दौरान आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत ने अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, पूर्व मंत्री लंबोदर महतो, संजय मेहता, चंद्रगुप्त सिंह, हरेलाल महतो, नंदू पटेल, छूटनी महतो, परवाज खान, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, अप्पू तिवारी, लालन झा, रवि शंकर मौर्या, चंद्रेश्वर पांडेय, मंटू शुक्ला, आकाश सिन्हा, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, कुंदन सिंह, राजेश चौधरी, संजय मालाकार समेत बड़ी संख्या में आजसू नेता एवं कई हजार युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















