ऑपरेशन NARCOS के तहत रांची स्टेशन पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, बरामद गांजे की कीमत करीब 6.35 लाख रुपये
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
झारखंड की राजधानी रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन NARCOS के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 12.700 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को पकड़ा है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.35 लाख रुपये बताई गई है।
RPF फ्लाइंग टीम/रांची और RPF पोस्ट/रांची की संयुक्त टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01(A) पर जांच के दौरान संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा। उसकी पहचान असगर खान (29), निवासी रोहतास, बिहार के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग और मिट्टी रंग के ट्रॉली बैग से 09 पैकेट संदिग्ध गांजा बरामद किए गए। DD Kit से जांच करने पर पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद कुल 12.700 किलोग्राम गांजे को विधिवत तौलकर पैक और सील किया गया।
जांच के दौरान उसके पास से झारसुगुड़ा से रांची का एक अनारक्षित रेलवे टिकट भी मिला। पूछताछ में असगर खान ने बताया कि उसे यह मादक पदार्थ ओडिशा के बौध में राजा नामक व्यक्ति ने दिया था। इसके बाद वह बस से बौध से झारसुगुड़ा पहुंचा और वहां से ट्रेन संख्या 13426 एक्सप्रेस से रांची आया था।
RPF ने बरामद गांजा, रेलवे टिकट और संबंधित जब्ती दस्तावेजों के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP रांची को सौंप दिया। मामले में NDPS Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।




































