बेल्डीह क्लब में 19% और टाटा स्टील कलर्स में 18% बोनस, अधिकतम ₹95,771 तक मिलेगा भुगतान
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर मंगलवार का दिन खास रहा। बेल्डीह क्लब और टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस समझौता संपन्न हुआ। बेल्डीह क्लब में कर्मचारियों को 19 प्रतिशत, जबकि टाटा स्टील कलर्स में 18 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी। दोनों समझौतों में कर्मचारियों के बोनस की राशि के साथ नए फॉर्मूले और संस्थानों के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बेल्डीह क्लब में 19% बोनस
बेल्डीह क्लब प्रबंधन और होटल कैंटीन रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच हुए समझौते के तहत कर्मचारियों को इस वर्ष 19 प्रतिशत बोनस मिलेगा। कर्मचारियों को न्यूनतम 29,295 रुपये और अधिकतम 59,873 रुपये बोनस दिया जाएगा।
समझौते पर क्लब की ओर से चेयरमैन डीबी सुंदर रमम, सेक्रेटरी वरुण बजाज, जॉइंट सेक्रेटरी आयान लहरी, ट्रेजरर विशाल अग्रवाल और एएम मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, जनरल सेक्रेटरी ददन सिंह, कमेटी सदस्य एसके जुल्फिकार अली, सिद्धार्थ शंकर दास और अजीत सिंह ने हस्ताक्षर किए।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए क्लब चेयरमैन डीबी सुंदर रमम और यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि बेल्डीह क्लब जमशेदपुर की पहचान से जुड़े प्रतिष्ठित क्लबों में है। क्लब में कई विकास कार्य भी चल रहे हैं। इनमें नई लाइब्रेरी, जिम, चिल्ड्रन कॉर्नर और पार्किंग एरिया का विकास शामिल है।
राकेश्वर पांडे ने कहा कि क्लब को जमशेदपुर और झारखंड के साथ देश के प्रतिष्ठित क्लबों में शामिल करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, यूनियन और क्लब प्रबंधन मिलकर क्लब को आगे ले जाने के लिए लगातार सहयोग करते रहेंगे।
टाटा स्टील कलर्स में 18% बोनस, नया फॉर्मूला लागू
दूसरी ओर, टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन और टाटा स्टील कलर्स एम्प्लॉयी यूनियन के बीच भी 22 सितंबर को वर्ष 2026 के बोनस समझौते पर सहमति बनी। समझौते के तहत कर्मचारियों को 18 प्रतिशत बोनस मिलेगा।
नए फॉर्मूले के अनुसार अधिकतम बोनस 95,771 रुपये, न्यूनतम 34,722 रुपये और औसत बोनस 66,752 रुपये होगा। बताया गया कि नया फॉर्मूला पिछले दो वर्षों से लंबित था।
पहले 16 प्रतिशत के हिसाब से करीब 60 लाख रुपये की बोनस राशि बन रही थी। यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय के विशेष अनुरोध के बाद प्रबंधन ने इसे बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति दी। इससे कुल बोनस राशि करीब 64 लाख रुपये हो गई।
बोनस समझौते के दौरान प्लांट की क्षमता बढ़ाने, सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने तथा उत्पाद की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को लेकर भी चर्चा हुई।
प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थम्पी, सीएचआरओ अनिशा प्रमाणिक, प्लांट हेड इंद्रनील बिस्वास, वीपी सेल्स एंड मार्केटिंग प्रखर अग्रवाल, एचआर डीजीएम राजेश त्रिपाठी और एचआर डिप्टी हेड मनीष कुमार मौजूद रहे।
यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, कार्यकारी अध्यक्ष विजय खान, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष हुसैनुल ओला कादरी, उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रवि उपाध्याय, संयुक्त सचिव आदित्य राज और सृष्टिधर महतो, संगठन सचिव प्रवीण राय, प्रियंका कुमारी, जितेंद्र कुमार, संतोष कुमार साहू और कृष्णा यादव उपस्थित रहे।
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने समझौते के लिए महामंत्री संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष हुसैनुल ओला कादरी के प्रयासों की सराहना की।
वहीं प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थम्पी ने कर्मचारियों से सुरक्षा और उत्पादकता (Safety & Productivity) पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कंपनी के विकास में सभी कर्मचारियों का सहयोग महत्वपूर्ण है।




































