फतेह लाइव, रिपोर्टर।
राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संगठन ‘सैल्यूट तिरंगा’ के आगामी स्थापना दिवस को लेकर देवघर में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य स्थापना दिवस सह नियुक्ति पत्र वितरण एवं सम्मान समारोह की रूपरेखा तय करने के लिए संगठन की पदाधिकारी श्रीमती अलका सोनी के आवास पर देवघर जिला पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 2 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर झारखंड के नवनियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा और उनका सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रम की सफलता और संगठनात्मक मजबूती के लिए होने वाले दौरों पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने और मार्गदर्शन करने हेतु सैल्यूट तिरंगा के झारखंड प्रभारी सह राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार मिश्र राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड की सह प्रभारी सुश्री मुनी झा एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री रवि शंकर तिवारी 22 सितंबर को देवघर आगमन करने वाले हैं। उनके आगमन और स्वागत की रणनीतियों पर भी विमर्श किया गया।
बैठक का एक अन्य मुख्य केंद्र ‘देवघर सेवा सम्मान’ रहा। पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि कार्यक्रम के दौरान देवघर के ऐसे 5 विशिष्ट नागरिकों को चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा, जो निस्वार्थ भाव से समाज हित, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रम को ऐतिहासिक व भव्य बनाने का संकल्प लिया तथा अलग-अलग दायित्वों का बंटवारा किया। इस दौरान संगठन की महिला प्रदेश अध्यक्ष ममता गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव बिजया सिंह बबली, रुद्र शंकर शर्मा, उत्तम कुमार साह, संध्या कुमारी, विनय तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




































