फतेह लाइव, रिपोर्टर।
गिरिडीह के धनवार चौक स्थित यूको बैंक में पांच करोड़ के सोने और 11.50 लाख रुपये की डकैती मामले में गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लोडेड पिस्टल, देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और अपाचे बाइक बरामद की गई है। घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी, जब पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर लूटपाट की थी।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस ने पांच एसआईटी का गठन किया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीछा करने के दौरान जमुआ के बरदवटिया गांव के पास अपराधियों की बाइक गड्ढे में गिर गई। अपराधी जंगल में भागे, जहां घेराबंदी कर मो. रिजवान को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद हुए। इसके बाद सुल्तान अली उर्फ रॉकी और आयुष पांडेय भी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी जब्त की है। लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


































