मकान-मालिक ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आनंद कुमार व उनकी पत्नी मधुलिका रानी पर कार्रवाई की मांग की
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में मकान-मालिक ने भाजपा के बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार और उनकी पत्नी मधुलिका रानी के खिलाफ अपनी पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज, छेड़छाड़ तथा मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर अमित कुमार ने 1 अक्टूबर 2026 को बागबेड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में अमित कुमार ने बताया है कि उन्होंने डुप्लेक्स कॉलोनी, मिडिल लाइन स्थित अपना मकान आनंद कुमार, निवासी दादी बगान, बागबेड़ा को किराये पर दिया था। आरोप है कि बाद में आनंद कुमार ने मकान पर कब्जा करने की नीयत से बिजली मीटर में कथित रूप से बदलाव कर उसे अपनी पत्नी मधुलिका रानी के नाम से लगवा लिया और मकान का किराया देना बंद कर दिया। इस संबंध में अमित कुमार द्वारा एसडीएम धालभूम के समक्ष शिकायत किए जाने की बात भी कही गई है।

शिकायत के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम करीब 8:30 बजे विद्युत विभाग के कर्मचारियों के बुलाने पर अमित कुमार की पत्नी राखी कुमारी उक्त मकान पर मीटर की जांच के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान आनंद कुमार और मधुलिका रानी के साथ विवाद होने का आरोप लगाया गया है।
अमित कुमार का आरोप है कि दोनों ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही आनंद कुमार पर उनकी पत्नी के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ करने तथा कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनकी पत्नी का मंगलसूत्र छीन लिया गया।
शिकायत में अमित कुमार ने आरोप लगाया है कि आनंद कुमार द्वारा उन्हें और उनकी पत्नी को बार-बार जान से मारने तथा परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी जाती है। उन्होंने पूर्व में आनंद कुमार के खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे और परसुडीह थाना में लंबित एक मामले का भी उल्लेख किया है।
अमित कुमार ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आनंद कुमार और मधुलिका रानी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। खैर, आपको बता दें कि अमित और आनंद के बीच का विवाद पुराना नहीं है। पुलिस इस मामले में भाजपा होने के कारण दिलचस्पी नहीं ले रही है। जिस कारण राजू बगान के पास भी विवाद हो चुका है। वैसे दावेदार सूत्र बताते हैं कि लिखित शिकायत के बाद बिजली कनेक्शन काटने को विभागीय पदाधिकारी वहां पहुंचे थे। जिसके बाद विवाद हुआ। हालांकि आनंद कौशिक ने कहा कि वह वहां लाइन जोड़ने गए थे, ऐसा कोई मामला नहीं है।




































