फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र में लगातार दो दिनों के भीतर हुई बड़ी आपराधिक घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की डकैती के बाद बाजार क्षेत्र में एक आभूषण दुकान में चोरी की घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं के विरोध में स्थानीय व्यापारियों एवं गोलमुरी बाजार समिति द्वारा बाजार बंद का आह्वान किया गया, जिसका पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने पूर्ण समर्थन किया।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल आज स्वयं गोलमुरी बाजार पहुंचे तथा व्यापारियों से मुलाकात कर बंदी को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं से व्यापारी वर्ग भय और असुरक्षा के वातावरण में व्यापार करने को विवश है।
मित्तल ने कहा कि गोलमुरी जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में दिनदहाड़े बैंक डकैती और उसके अगले ही दिन बाजार में चोरी की घटना पुलिस व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इन घटनाओं में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न हो और व्यापारी वर्ग का विश्वास बहाल हो सके।
उन्होंने बाजार क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी को सुदृढ़ करने तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा योजना लागू करने की भी मांग की। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यदि अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो समाज एवं व्यापारी वर्ग के हित में आगे भी आवाज उठाई जाएगी।
इस अवसर पर शिव शंकर सिंह, मंटू चावला, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, बाजार समिति के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी एवं मारवाड़ी समाज के दीपक अग्रवाल, राजेश अग्रवाल खन्ना, लखन केवलका, संदीप रिंगसिया, शंकर माधोपुरिया, कमल गुप्ता, उमेश देबुका, बंटी अग्रवाल, नंदू अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, राजू अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।




































