कैनरा बैंक लूट के अगले ही दिन वारदात, महज 100 मीटर की दूरी पर हुई चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट के महज घंटों बाद रात के अंधेरे में चोरों ने उसी इलाके में स्थित आरती ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। चोर दुकान का वेंटिलेटर काटकर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, देर रात चोरों ने आरती ज्वेलर्स की दुकान के वेंटिलेटर को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे आभूषणों को अपने कब्जे में लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा आसपास की दुकानों और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
बैंक लूट के अगले दिन ज्वेलरी दुकान में चोरी
इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि आरती ज्वेलर्स से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित कैनरा बैंक में एक दिन पहले ही हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। बैंक लूट की जांच अभी चल ही रही है कि इसी इलाके में ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है।
लगातार दो दिनों में एक ही इलाके में बैंक लूट और ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और कारोबारियों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि व्यस्त और कारोबारी इलाके में लगातार इस तरह की वारदातें होती हैं, तो आम लोगों और दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल से संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और चोरी के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।
चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन दुकान संचालक द्वारा स्टॉक मिलान के बाद किया जा रहा है। पुलिस की ओर से फिलहाल चोरी गए सामान की कुल कीमत और आरोपियों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
एक तरफ बैंक लूट की गुत्थी सुलझाने की चुनौती और दूसरी तरफ उसी इलाके में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात ने गोलमुरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। बहरहाल, गोलमुरी की यह दो बड़ी घटनायें पुलिस की व्यवस्था को विफल बताने का इशारा कर रही है, जबकि पिछले दिनों ही गोलमुरी को नया थाना प्रभारी दिया गया था।




































