फतेह लाइव, रिपोर्टर।
टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब में शनिवार को सिख धर्म के आठवें गुरु श्री गुरु हरिकिशन साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सुरजीत सिंह खुशीपुर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सिख स्त्री सत्संग सभा, नौजवान सभा एवं समूह साध-संगत का विशेष सहयोग रहा।

प्रकाश पर्व के अवसर पर भाई निर्मल सिंह कीर्तनी जत्था ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को गुरु चरणों से जोड़ा। कीर्तन के दौरान श्रद्धालु गुरु जस का गुणगान सुनकर भाव-विभोर हो गए। इसके बाद संगत ने अरदास में शामिल होकर गुरु साहिब के बताए सेवा, विनम्रता और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब के महासचिव इंद्रजीत सिंह ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए टिनप्लेट गुरुद्वारा कमेटी द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की।
सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह ने अपने संबोधन में श्री गुरु हरिकिशन साहिब जी के जीवन, सेवा, करुणा और मानवता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब ने अल्पायु में ही समाज को निस्वार्थ सेवा और परोपकार का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने टिनप्लेट की साध-संगत के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने समाज हित में सीजीपीसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए टिनप्लेट गुरुद्वारा कमेटी, सिख स्त्री सत्संग सभा और नौजवान सभा के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में सीजीपीसी के चेयरमैन गुरमीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, प्रधान परमजीत सिंह रोशन, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सलाहकार परविंदर सिंह सोहल, सुरेंद्र सिंह शिंदे, सुखदेव सिंह बिट्टू, सरबजीत सिंह ग्रेवाल सहित टिनप्लेट गुरुद्वारा कमेटी के चेयरमैन जसवीर सिंह जस्सी, कार्यकारी प्रधान बलवंत सिंह शेरों, जसपाल सिंह, मनजीत सिंह खालसा, सिकंदर सिंह फूलके, ज्ञानी कुलदीप सिंह, कुलवंत सिंह रंगरेटा, बलकार सिंह, दलजीत सिंह तथा सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान मनजीत कौर, गुरप्रीत कौर, रज्जी कौर, सरबजीत कौर समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गुरचरण सिंह बिल्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनजीत सिंह खालसा ने किया।
प्रकाश पर्व के उपरांत सीजीपीसी के पदाधिकारियों ने टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब की निर्माणाधीन नई इमारत का निरीक्षण किया तथा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और समूह साध-संगत को शुभकामनाएं देते हुए निर्माण कार्य की सराहना की। साथ ही सभी ने गुरु का अटूट लंगर ग्रहण कर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।
















