फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर शहर में आज तड़के हुई भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवाओं के असामयिक निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक एवं पीड़ादायक है। इस दर्दनाक हादसे में मारवाड़ी समाज के तीन होनहार युवा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता एवं वंशिका खंडेलवाल के निधन से मैं व्यक्तिगत रूप से अत्यंत मर्माहत हूं। इतनी कम उम्र में इन तीनों होनहार युवाओं का इस प्रकार असमय चले जाना उनके परिवारों के साथ-साथ पूरे मारवाड़ी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से मैं तीनों दिवंगत युवाओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस कठिन और असहनीय दुःख की घड़ी में पूरा मारवाड़ी समाज उनके परिवारों के साथ खड़ा है।
इस दुर्घटना में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह की सुपुत्री तृषा सिंह के निधन का समाचार भी अत्यंत दुखद है। मैं उनके निधन पर भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी चारों युवाओं के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।
यह हादसा एक बार फिर जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता को सामने लाता है। दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, टाटा स्टील तथा संबंधित एजेंसियों को संयुक्त रूप से ठोस एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना बनानी चाहिए। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश एवं रिफ्लेक्टर की व्यवस्था, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय तथा भारी वाहनों की आवाजाही के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
ईश्वर सभी दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल माता-पिता एवं परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।




































